अंडर-7 जिला तैराकी प्रतियोगिता में महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल का जलवा, अभि शुक्ला ने जीता स्वर्ण पदक
- Kumar Nandan Pathak
- 6 अग॰
- 2 मिनट पठन

केपीपीएन संवाददाता, लखनऊ।
राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम स्थित महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल के नन्हे तैराक अभि शुक्ला ने जिला स्तरीय अंडर-7 तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय, अपने परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। अभि ने मात्र 27.88 सेकेंड में निर्धारित दूरी पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को महज 0.02 सेकेंड के अंतर से पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम, बाराबंकी के प्रतिभागी आयुष कुमार ने 27.90 सेकेंड के समय के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि एलपीएस गोमती नगर के ऋषि ने 36.24 सेकेंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। नन्हे खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित रखा।

अभि शुक्ला की जीत की खबर विद्यालय पहुंचते ही खुशी का माहौल बन गया। विद्यालय परिसर में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विद्यालय के अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल, मंत्री कमल किशोर अग्रवाल, प्रधानाचार्या कल्पना पांडेय तथा तैराकी प्रशिक्षक धर्मेंद्र शुक्ला ने विजेता छात्र को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने तालियों की गूंज के बीच अभि का उत्साहवर्धन करते हुए इस उपलब्धि को पूरे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया।

तैराकी प्रशिक्षक धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि अभि नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि यही समर्पण और मेहनत बनी रही तो वह भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करेगा।
विद्यालय के अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है। महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि अभि शुक्ला की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर अभि शुक्ला और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


टिप्पणियां